बेतिया। जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय ने कहा कि ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार जिले में प्रेम, सद्भाव एवं शांति के वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला प्रशासन दृढ़संकल्पित है। इस हेतु सभी तैयारियां की जा रही है। जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। विभिन्न जगहों पर पर्याप्त संख्या में प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस मजिस्ट्रेट तथा पुलिस फोर्स की तैनाती की जा रही है। बकरीद के अवसर पर विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि कुर्बानी के दौरान अपशिष्ट पदार्थों को सही तरीके से निष्पादित कराना भी आवश्यक है। इस हेतु नगर निगम, नगर निकाय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ कुर्बानी स्थल तथा नमाज स्थल की प्रॉपर साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जायेगी। जिलाधिकारी समाहरणालय सभाकक्ष में बकरीद त्योहार के अवसर पर विधि-व्यवस्था के दृष्टिगत एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उदेश्य से जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में संबोधित कर रहे थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अनुमंडलस्तर, प्रखंडस्तर, थानास्तर पर अधिकांशतः जगहों पर शांति समिति की बैठक कर ली गयी है। कुछेक जगहों पर शेष है, जहां शांति समिति की बैठक कर ली जायेगी। उन्होंने जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में उपस्थित सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त रखने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला प्रशासन को आपके अपेक्षित सहयोग की आवश्यकता है ताकि बकरीद का त्योहार अच्छे तरीके से सम्पन्न कराया जा सके। सभी लोग मिलजुल कर अमन-चैन, शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार को सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य लोगों को भी जागरूक करते रहें कि अच्छे माहौल में बकरीद त्योहार मनाएं।
पुलिस अधीक्षक, बेतिया, श्री अमरकेश डी ने कहा कि सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है। बकरीद को लेकर असमाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई प्रारंभ कर दी गयी है। विधि-व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा, कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि जिलेवासी किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे। सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी तथा साईबर सेल की पैनी नजर है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर आपत्तिजनक पोस्टों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार का अफवाह फैलाने वालों के साथ सख्ती के साथ पेश आया जायेगा, उनके विरूद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी।